फतेहगढ़ 27 Jan – क्राइम न्यूज़:
फतेहगढ़ साहिब के खमाणों इलाके में दोस्ती को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 12वीं कक्षा के छात्र मनविंदर सिंह की उसके ही दोस्तों ने मामूली कहासुनी के बाद बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मनविंदर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के मुताबिक मृतक मनविंदर सिंह खमाणों के एक निजी स्कूल में पढ़ता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। डीएसपी खमाणों गुरमीत सिंह ने बताया कि परिवार के बयान दर्ज कर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।