उधमपुर, 27 जनवरी: श्रीनगर–जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर जिले के झखानी ब्रिज के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में CRPF के एक जवान समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बस (JK02AS-4127) ने सड़क किनारे खड़े टाटा मोबाइल वाहन (JK04J-6732) को टक्कर मार दी। टाटा मोबाइल का टायर बदला जा रहा था और उसके पास खड़े तीन नागरिक मौके पर ही मारे गए।
बताया जा रहा है कि बस चालक ने एक मोटरसाइकिल से टक्कर से बचने की कोशिश की, इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर खड़े वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास खड़े तीनों लोग पुल से नीचे जा गिरे, जिनके शव बाद में पुलिस ने बरामद किए।
हादसे में बस में सवार CRPF की 52वीं बटालियन का एक जवान भी शहीद हो गया। जवान की तैनाती किश्तवाड़ में थी और वह छुट्टी पर घर जा रहा था।
दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज उधमपुर में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया, यातायात बहाल किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।