सीआईडी अंडरपास खूनी संघर्ष मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पूछताछ में खुलेगी साजिश की परतें; पहले ही चार आरोपी जेल भेजे जा चुके, एक नाबालिग सुधार गृह में।
पंचकूला : सेक्टर-19 में आपसी रंजिश के चलते हुए चर्चित जीजा-साला डबल मर्डर मामले में पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छह माह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी राजीव पासवान उर्फ बकरी और उसके साथी रोशन उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे हत्या की साजिश, वारदात में इस्तेमाल हथियारों और अन्य फरार आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में सेक्टर-19 चौकी प्रभारी कमलदीप सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि इससे पहले इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के आदेश पर बाल सुधार गृह भेजा गया है।
गौरतलब है कि 4 जुलाई को सीआईडी अंडरपास के पास हुए खूनी संघर्ष में अर्जुन उर्फ चिट्टा और उसके जीजा संजीत की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि अर्जुन और संजीत की बहन के प्रेम विवाह के बाद दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। पुलिस के अनुसार, नामकरण समारोह के बहाने अर्जुन को बुलाकर उस पर जानलेवा हमला किया गया, जबकि संघर्ष के दौरान संजीत की भी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।