दप्पर टोल प्लाजा के पास आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी। वक्ताओं ने पंजाब से जुड़े मुद्दों, सिख समुदाय की चिंताओं और युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। आयोजकों ने इसे क्षेत्र में बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया, जबकि कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
लालड़ू: हलका डेराबस्सी में पंथक और राजनीतिक मुद्दों के सहारे अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तहत अकाली दल वारिस पंजाब दे की ओर से दप्पर टोल प्लाजा के समीप ग्लास पैलेस में सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें डेराबस्सी, लालड़ू और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सम्मेलन में हुई भीड़ को लेकर क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है।
कार्यक्रम में खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह खालसा के पिता तरसेम सिंह और विधायक मनप्रीत सिंह इयाली मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। दोनों नेताओं ने पंजाब के अधिकारों, सिख समुदाय के मौजूदा हालात, पंथक एकता और प्रदेश की राजनीति में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि पंजाब से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए लोगों को एक मंच पर एकत्र होना होगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में डेराबस्सी शहर के साथ नार्मल जोला, पंखरपुर और आसपास के अन्य गांवों से लोग पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर दिनभर राजनीतिक और पंथक गतिविधियों को लेकर चर्चा होती रही। आयोजकों ने दावा किया कि लोगों की बड़ी भागीदारी से स्पष्ट है कि क्षेत्र में पंजाब और पंथ से जुड़े मुद्दों को लेकर रुचि बढ़ रही है।
इस मौके पर जिला प्रधान जगदीप सिंह, जशनदीप सिंह संधू, काबल सिंह, जिला वरिष्ठ उपप्रधान बलजीत सिंह, जिला कमेटी सदस्य हरभजन सिंह, सचिव इकबाल सिंह, हरनाम सिंह, गुरप्रीत सिंह पित्ता और जगदीप सिंह सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।