कॉलोनीवासियों का कहना है कि सुबह-शाम रिहायशी इलाके में सांप दिखाई देने से लोगों में भय का माहौल है। लंबी घास, झाड़ियों और खाली प्लॉटों में जमा कचरे को इसकी बड़ी वजह बताया जा रहा है। लोगों ने हादसे की आशंका जताते हुए नगर परिषद से जल्द सफाई अभियान चलाने की मांग की है।
जीरकपुर: विश्रांति सिटी में सांपों की लगातार बढ़ रही आवाजाही से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कुछ दिन पहले एक घर की वार्डरोब से बेहद जहरीला माना जाने वाला कॉमन करैत मिलने के बाद अब कॉलोनी की सड़कों और गलियों में भी सांप रेंगते दिखाई दे रहे हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
निवासियों के अनुसार सुबह और शाम के समय कई बार सांप सड़कों और घरों के आसपास देखे जा चुके हैं। सांपों के डर से अभिभावक बच्चों को अकेले बाहर खेलने के लिए भेजने से भी कतराने लगे हैं। लोगों का कहना है कि वार्डरोब से कॉमन करैत मिलने की घटना के बाद से कॉलोनी में डर और अधिक बढ़ गया है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि बरसात के मौसम में आसपास के खाली प्लॉटों में लंबी घास और घनी झाड़ियां उग आई हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर कूड़ा-कचरा भी जमा है। ये स्थान सांपों और अन्य जहरीले जीवों के छिपने के सुरक्षित ठिकाने बन रहे हैं। आशंका है कि इन्हीं खाली प्लॉटों से सांप रिहायशी क्षेत्र और घरों तक पहुंच रहे हैं।
निवासियों ने प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि विश्रांति सिटी के आसपास स्थित खाली प्लॉटों की तुरंत सफाई करवाई जाए। लंबी घास, झाड़ियों और जमा कचरे को हटाने के साथ क्षेत्र में नियमित फॉगिंग तथा कीटनाशक दवा का छिड़काव भी कराया जाए।
लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी व्यक्ति के सांप के काटने जैसी अप्रिय घटना हो सकती है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।