प्रधानमंत्री की सलाह पर तत्काल प्रभाव से मंत्रिपरिषद से हुए अलग
नई दिल्ली, 24 जुलाई । केंद्र सरकार में राज्य मंत्री रहे रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा राष्ट्रपति ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से शुक्रवार को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रधानमंत्री की सलाह पर भारत की राष्ट्रपति ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा मंजूर कर लिया है।
राष्ट्रपति भवन की उप प्रेस सचिव नविका गुप्ता द्वारा जारी प्रेस कम्युनिके के अनुसार, रवनीत सिंह बिट्टू अब तत्काल प्रभाव से केंद्रीय मंत्रिपरिषद का हिस्सा नहीं रहेंगे। प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय प्रधानमंत्री की सलाह पर लिया गया है, जैसा कि संविधान के प्रावधानों में व्यवस्था है।
रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब की राजनीति का प्रमुख चेहरा रहे हैं और केंद्र सरकार में राज्य मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे। उनके इस्तीफे के बाद अब केंद्र सरकार में उनके विभाग की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी, इसे लेकर जल्द फैसला होने की संभावना है।
बिट्टू के इस्तीफे के कारणों को लेकर राष्ट्रपति भवन की ओर से कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। वहीं, राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है और पंजाब की राजनीति पर इसके संभावित प्रभावों को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। सरकार की ओर से फिलहाल नए मंत्री की नियुक्ति संबंधी कोई घोषणा नहीं की गई है।