भाखड़ा नहर पुल पर मिली लावारिस कार से शुरू हुई जांच ने दो राज्यों में सर्च ऑपरेशन का रूप लिया। पति-पत्नी के शव अलग-अलग नहरों से बरामद हुए। परिजनों ने आर्थिक तनाव की बात कही है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।
जीरकपुर: जीरकपुर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) राजीव बाली और उनकी पत्नी नीरजा बाली की नहर में डूबने से मौत हो गई। राजीव का शव राजपुरा के खेड़ी गांव के पास भाखड़ा नहर से बरामद हुआ, जबकि नीरजा का शव करीब 80 किलोमीटर दूर हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित ज्योतिसर के पास सरस्वती फीडर नहर से मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस आर्थिक तनाव को घटना का संभावित कारण मान रही है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को राजपुरा स्थित भाखड़ा नहर पुल पर एक कार लावारिस हालत में मिली थी। कार से चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ। मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, जिससे कार की पहचान जीरकपुर निवासी सीए राजीव बाली की हुई। इसके बाद नहर में सर्च अभियान चलाया गया और कुछ समय बाद खेड़ी गांव के पास से राजीव का शव बरामद कर लिया गया।
परिजनों ने बताया कि राजीव और उनकी पत्नी नीरजा 21 जुलाई को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। राजीव का शव मिलने के बाद नीरजा की तलाश तेज की गई। अगले दिन 23 जुलाई को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर के पास सरस्वती फीडर नहर से एक महिला का शव मिला। तस्वीर जारी होने पर डेराबस्सी निवासी दिनेश चावला ने शव की पहचान अपनी बहन नीरजा बाली के रूप में की और मोर्चरी पहुंचकर पुष्टि की।
आर्थिक दबाव में थे दंपती
नीरजा के भाई दिनेश चावला ने पुलिस को बताया कि राजीव जीरकपुर के एक मॉल में सीए का कार्यालय चलाते थे और पिछले कुछ समय से आर्थिक दबाव का सामना कर रहे थे। परिवार का मानना है कि इसी तनाव के कारण दंपती ने यह कदम उठाया। परिजनों ने किसी पर कोई संदेह नहीं जताया है और न ही किसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
राजीव और नीरजा की शादी वर्ष 2003 में हुई थी। उनके परिवार में 17 वर्षीय बेटा और 13 वर्षीय बेटी हैं। घटना के बाद दोनों बच्चे और पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पंजाब पुलिस कर रही जांच
कुरुक्षेत्र पुलिस के अनुसार, दंपती जीरकपुर से लापता हुआ था और उनकी कार राजपुरा में मिली थी। इसलिए पूरे मामले की जांच पंजाब पुलिस कर रही है। नीरजा के शव का पोस्टमार्टम कुरुक्षेत्र में कराया जाएगा, जिसके बाद संबंधित दस्तावेज और जांच रिपोर्ट पंजाब पुलिस को भेजी जाएगी।