चंडीगढ़/अमृतसर, 23 दिसंबर — पंजाब सरकार द्वारा बाबा बकाला साहिब में शहीद बाबा जीवन सिंह जी (भाई जैता जी) की स्मृति में पहली बार राज्य स्तरीय समागम का आयोजन किया गया। समागम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने घोषणा की कि सरकारी आई.टी.आई. बाबा बकाला साहिब का नाम भाई जैता जी के नाम पर रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने इतिहास में पहली बार श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर श्री आनंदपुर साहिब में भाई जैता जी के स्मारक पर विधानसभा सत्र आयोजित किया। उन्होंने बताया कि 21 करोड़ रुपये की लागत से भाई जैता जी का भव्य स्मारक तैयार किया गया है।
ई.टी.ओ. ने भाई जैता जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने उन्हें ‘रंगरेटा गुरु का बेटा’ का सम्मान दिया। विधायक दलबीर सिंह टौंग ने समागम के अंत में मंत्री को सम्मानित किया।