ऑफिस क्लर्क और स्टॉफ काम छोड़ अधिकारी के ऑफिस बैठे, काम हुआ प्रभावित
लुधियाना/यूटर्न/20 जुलाई। लुधियाना स्थित रिजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (आरटीए) में टैक्सी यूनियन द्वारा प्रदर्शन किया गया। उन्होंने अपने आधे कपड़े उतार आरटीए के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरटीए को बेईमान कहा। टैक्सी यूनियन के प्रधान ने आरटीओ के खिलाफ अर्द्धनग्न होकर जमकर नारेबाजी की। इस बीच मिनी बस ऑपरेटर भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरटीओ को ईमानदार बताते हुए उनके समर्थन में जिंदाबाद के नारे लगाए। देखते ही देखते दफ्तर परिसर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। टैक्सी यूनियन का आरोप है कि आरटीओ को बार-बार शिकायत करने पर भी वो प्राइवेट व अवैध तरीके से चल रही मिनी बसों व कारों पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। प्राइवेट कारों को टैक्सी के रूप में चलाने से उन्हें नुकसान झेलना पड़ रहा है। जिसके चलते उन्होंने परेशान होकर आरटीए ऑफिस में धरना लगाया। लेकिन मिनी बस ऑपरेटरों द्वारा आरटीए की हिमायत की जा रही है। आरटीए ऑफिस स्टॉफ द्वारा मौके पर पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने मामला शांत किया और टैक्सी यूनियन को अंदर जाने से रोक दिया। जानकारी के अनुसार टैक्सी एवं ऑटो चालकों ने यूथ आजाद यूनियन के अध्यक्ष शरण सिंह और शहीद भगत सिंह टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष कुणाल शर्मा के नेतृत्व में आरटीओ कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान शरण सिंह ने अपना विरोध जताने के लिए अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। चालकों ने आरटीओ और एआरटीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए।
मिनी बस ऑपरेटर यूनियन आरटीए के हक में उतरी
वहीं, जगराओं मिनी बस यूनियन के अध्यक्ष भीम सिंह अपने समर्थकों संग आरटीओ अधिकारियों के समर्थन में उतरे। मिनी बस ऑपरेटरों ने आरटीए को ईमानदार बताते हुए जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके बाद टैक्सी चालकों और बस ऑपरेटरों के बीच बहस भी हुई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाते रहे।
अपने बचाव को क्लर्क आरटीए ऑफिस जाकर बैठे
वहीं इस प्रदर्शन के दौरान क्लर्कों को अपना पाला पड़ गया। उन्हें लगा कि यूनियन के सदस्य उन पर भी आरोप लगाएंगे। जिसके बाद सभी क्लर्क व अन्य स्टॉफ अपना काम छोड़कर आरटीए के ऑफिस में जाकर बैठ गए। जिस कारण काम कराने को आए लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
----