हस्तनिर्मित उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में सहकारिता होगी मददगार: सुभाष सुधा
कुरुक्षेत्र (परमिंदर सिंह) : हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि सहकारिता के साथ जुडकऱ प्रत्येक नागरिक अपना जीवन बदल सकता है, क्योंकि हैंडमेड प्रोडक्ट को जन-जन तक पहुंचाने में सहकारिता अहम भूमिका निभा सकता है। इससे स्वयं सहायता समूह और अन्य स्वरोजगार करने वालों को बहुत लाभ होगा। इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार पूरी मदद कर रही है।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा सोमवार को गीता ज्ञान संस्थान में हरियाणा राज्य सहकारी विकास प्रसंघ लिमिटेड (हरकोफैड) द्वारा आयोजित सहकारिता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय सहकारिता विचार गोष्ठी में बोल रहे थे। पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरमैन रविंद्र सांगवान ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। हरकोफैड की तरफ से अतिथियों को पौधे भेंटकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। धुराला पैक्स व हैफेड की ओर से आयोजित प्रदर्शनी व स्टॉल का निरीक्षण किया।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि युवाओं आगे बढऩे के लिए विजन तय करके मन में लक्ष्य लेकर आगे बढ़े। सरकार ने युवाओं को सहकारिता के माध्यम से इतने विकल्प दिए हैं, जिससे युवाओं को नौकरी के पीछे भागने की जरूरत नहीं है। सहकारिता अपनाकर दूसरों को रोजगार देने वाले बन सकते हैं। सब एक के लिए और एक सबके लिए यही सहकारिता का उद्देश्य है। कुरुक्षेत्र जिला में ऐसा कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा, चेयरमैन सुभाष कलसाना का धन्यवाद किया।
चेयरमैन सुभाष कलसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश के हर कोने तक सबका सहयोग करने का बीड़ा उठाते हुए सहकारिता विभाग का गठन किया और सहकारिता से समृद्धि और समृद्धि से आत्मनिर्भरता बनाने का संकल्प लिया। इसी सहकारिता के सपने को साकार करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग सहकारिता के साथ जुडकऱ अपना व्यवसाय कर सकते हैं। सहकारिता युवाओं की कला को निखाकर उन्हें रोजगार देने वाला नागरिक बना रही है।
चेयरमैन सुभाष कलसाना ने कहा कि धुराला पैक्स की टीम ने संघर्ष करते हुए घाटे को खत्म किया और पैक्स को लाभ में लेकर पहुंचे। इस कार्य में सरकार की तरफ से कोई सहयोग नहीं लिया, बल्कि सभी ने मिलकर सहयोग के साथ इस कार्य को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहुउद्देशीय पैकस के साथ युवाओं को जोड़ रही है। इस बारे में अधिक जानकारी लेने के लिए डीआर व एआर कार्यालय में जाकर जानकारी ले सकते हैं।
हरकोफैड के प्रचार अधिकारी सौरव अत्री ने सहकारिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरकोफैड प्रत्येक जिला में सहकारिता प्रधान सचिव पंकज यादव, सहकारी समितियां रजिस्ट्रार सुभिता ढाका व हरकोफैड प्रबंध निदेशक नरेश गोयल के मार्गदर्शन में सहकारिता जागरूकता अभियान चला रहा है, जिसमें नारनौल में पहला कार्यक्रम और कुरुक्षेत्र में दूसरा कार्यक्रम आयोजित हो चुका है। इस अभियान के अंतर्गत हरकोफैड का लक्ष्य है कि सहकारिता विभाग की सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर सहकार से समृद्धि का स्वपन साकार करना है तथा महिलाओं और युवाओं को सहकारिता से जोडऩा है।
सहकारी सहायक शिक्षा अधिकारी जगदीप सांगवान ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ता ऋषि शर्मा व हरजीत ने सहकारिता को अपनाने के बारे में बताया। इस मौके पर एसडीएम अमन कुमार, चेयरमैन सुभाष सैनी, चेयरमैन रामकुमार मांडे, वीटा मिल्क प्लांट चेयरमैन शमशेर सिंह, अमित सैनी, डीआर बंसीलाल, एआर प्रदीप चौहान सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।