लुधियाना/यूटर्न/20 जुलाई। मिशन क्लीन पंजाब अभियान के तहत लगातार दूसरे दिन मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर ने सोमवार को हैबोवाल क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न इलाकों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सफाई कर्मचारियों की हाजिरी भी जांची, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान मेयर ने अधिकारियों के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर सफाई कार्यों की समीक्षा की। उनके साथ निगम लीगल एडवाइजर गौरव बग्गा, जोनल कमिश्नर जसदेव सेखों, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विपल मल्होत्रा मौजूद रहे। इस दौरान मेयर ने गौरव बग्गा के साथ मिलकर क्षेत्र में पौधारोपण भी किया और लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। इस दौरान गौरव बग्गा ने बताया कि मिशन क्लीन पंजाब अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। शहर में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगे हैं, लेकिन पूरे शहर को स्वच्छ बनाने के लक्ष्य को नागरिकों के सहयोग के बिना हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने अपील की कि यदि कहीं खुले में कूड़ा पड़ा दिखाई दे तो वे नगर निगम द्वारा जारी मानसून हेल्पलाइन नंबर 90867-91867 पर शिकायत दर्ज कराएं।
----