लुधियाना/यूटर्न/20 जुलाई। इस्लामगंज में एक घर के बाथरुम की सफाई को लेकर दो महिलाएं आपस में भिड़ गई। इस दौरान एक महिला ने पड़ोसन पर हमला कर दिया। जिस कारण वे नीचे गिर गई और उसके सात दांत टूट गए। खून से लथपथ महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। जख्मी महिला की पहचान नेहा के रुप में हुई है। थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने आरोपी ममता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घायल महिला के मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला के पति कृष्णा कुमार ने बताया कि 18 जुलाई को उनकी पत्नी नेहा घर में बने तीन कमरों के साझा बाथरूम में नहाने के बाद बाहर आई थी। उनके अनुसार, इसी दौरान आंगन में रहने वाली महिला ममता ने बाथरूम की सफाई को लेकर नेहा के साथ बहस शुरू कर दी। आरोप है कि ममता ने गाली-गलौज की। जब नेहा ने इसका विरोध किया तो ममता ने उसके बाल पकड़कर उसे खींच लिया और जमीन पर गिरा दिया। कृष्णा ने कहा कि नेहा किसी तरह उठकर कमरे की ओर जाने लगी, तभी ममता ने पीछे से दोबारा धक्का दे दिया। इससे वह मुंह के बल आंगन में लगी टाइलों पर गिर गई। गिरने से उसके मुंह में गंभीर चोटें आईं और उसके दांत टूट गए। नेहा को अस्पताल लेकर गए तो डाक्टरों ने बताया कि 4 दांत अगले और 3 दांत पिछले टूटे हैं।
----