काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में सपरिवार जलाभिषेक; मुख्यमंत्री बोलीं— काशी भारत की सनातन चेतना, संस्कृति और आस्था का अमर प्रतीक
वाराणसी/नई दिल्ली (Naren Danu) : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने जन्मदिन के अवसर पर रविवार को विश्व प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में सपरिवार दर्शन-पूजन कर देश की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर सभी देशवासियों के जीवन में शांति, समृद्धि और मंगल की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके जीवन का अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ और काल भैरव से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सदैव देश और समाज पर बनी रहे तथा भारत सेवा, सुशासन और लोककल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
जारी बयान में रेखा गुप्ता ने कहा कि काशी केवल एक ऐतिहासिक नगरी नहीं, बल्कि भारत की सनातन परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत स्वरूप है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र नगरी का प्रत्येक कण शिवमय है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा करोड़ों श्रद्धालुओं को आस्था और आत्मिक शांति का अनुभव कराती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा काशी विश्वनाथ और काशी के कोतवाल काल भैरव का आशीर्वाद सदियों से इस पावन धरा और उसके श्रद्धालुओं की शक्ति रहा है। आज भी काशी विश्वभर के लोगों को भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सनातन परंपरा का संदेश दे रही है।
उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप, गंगा तट से मंदिर तक विकसित परिसर और वातावरण में गूंजता 'हर-हर महादेव' का उद्घोष भारतीय आध्यात्मिक विरासत की दिव्यता का अद्भुत अनुभव कराता है। उनके अनुसार काशी की यह ऊर्जा प्रत्येक व्यक्ति को सेवा, समर्पण, राष्ट्रनिर्माण और लोककल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
रेखा गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि बाबा विश्वनाथ की कृपा से भारत निरंतर विकास, वैभव और नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर रहेगा तथा देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत विश्वभर में नई पहचान बनाती रहेगी।