इनोवेटिव्यू इंडिया ने शुरू किया अत्याधुनिक केंद्र, हर अभ्यर्थी को समान और पारदर्शी परीक्षा माहौल देने का लक्ष्य
नई दिल्ली (Naren Danu) : देश में परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है। परीक्षा प्रौद्योगिकी और सुरक्षा समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी इनोवेटिव्यू इंडिया लिमिटेड ने नोएडा के सेक्टर-80 में अत्याधुनिक आदर्श परीक्षा केंद्र का उद्घाटन किया है।
कंपनी का कहना है कि इन केंद्रों का उद्देश्य देशभर में ऐसी मानकीकृत परीक्षा अवसंरचना तैयार करना है, जहां हर अभ्यर्थी को समान सुविधाओं के साथ सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा वातावरण मिल सके।
परीक्षा नहीं कराएगा केंद्र, देगा सुरक्षित इंफ्रास्ट्रक्चर
कंपनी अधिकारियों के अनुसार, आदर्श परीक्षा केंद्र स्वयं किसी परीक्षा का आयोजन नहीं करेगा, बल्कि विभिन्न परीक्षा एजेंसियों को सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत ढांचा उपलब्ध कराएगा। परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाएं अपने सर्वर और तकनीकी टीम के साथ परीक्षा संचालित करेंगी, जबकि केंद्र की ओर से नेटवर्क, कंप्यूटर और अन्य जरूरी तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जेईई, नीट समेत बड़ी परीक्षाओं के लिए तैयार होंगे केंद्र
अधिकारियों ने बताया कि देश में होने वाली परीक्षाओं को मुख्य रूप से दो वर्गों में बांटा जा सकता है। इनमें स्कूल स्तर की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं तथा दूसरी ओर जेईई, नीट, सीयूईटी जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।
कंपनी का लक्ष्य इन सभी परीक्षाओं के लिए एक जैसी सुविधाओं वाले सुरक्षित और आधुनिक परीक्षा केंद्रों का नेटवर्क तैयार करना है।
तकनीक और सुरक्षा पर विशेष फोकस
इनोवेटिव्यू इंडिया के अनुसार, नोएडा स्थित केंद्र में आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पूरे परिसर में खुली वायरिंग नहीं रखी गई है। इसके अलावा प्रत्येक 250 से 500 कंप्यूटरों के लिए अलग सर्वर व्यवस्था की गई है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।
हर 100 किलोमीटर पर केंद्र बनाने की योजना
कंपनी ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर, बिहार और छत्तीसगढ़ में ऐसे परीक्षा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। भविष्य में योजना है कि देशभर में लगभग हर 100 किलोमीटर की दूरी पर एक आदर्श परीक्षा केंद्र स्थापित किया जाए, जिससे छात्रों को दूर-दराज क्षेत्रों में जाने की परेशानी कम हो और उन्हें अपने नजदीक बेहतर परीक्षा सुविधाएं मिल सकें।