पंजाब/यूटर्न/16 जुलाई। पंजाब सीएम भगवंत मान ने वीरवार को पंजाब के 2800 डिपो होल्डरों को नए लाइसेंस सौंपे। इस मौके पर मोहाली में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, इस दौरान सीएम ने अपने विरोधियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लड़ाई सिर्फ कुर्सी के लिए है। जो अभी मिली नहीं, परमात्मा करे मिले भी नहीं। वहीं, अकाली दल की सरकार के समय लाल बत्ती की कार में नशा सप्लाई होता रहा। मजीठिया के इशारे पर होता था। उन्होंने कहा कि मजीठिया अब जेल से बाहर आकर मूंछों पर ताव देते हैं, जैसे कोई किला फतह करके आए हों। आए तो जमानत पर ही जेल से बाहर हैं। वहीं, उन्होंने कहा कि एसजीपीसी ने पिछले दिनों मेरे खिलाफ गुरुद्वारों के बाहर पोस्टर लगाए कि भगवंत मान का बायकॉट करो। उन्होंने कहा कि बहबल कलां कांड जब हुआ तो सुखबीर बादल के पोस्टर भी लगवाए थे। वह तो श्री अकाल तख्त पर जाकर मान चुके हैं कि उन्होंने बेअदबियां करवाई हैं। सीएम ने बड़ा दावा किया अगर विरोधी दल गलती से सत्ता में आ गए तो सारी स्कीमें बंद कर देंगे।
जो वेटर को टिप देते हैं, उन्हें डिपो होल्डर से क्या लेना-देना
सीएम ने कहा कि पुरानी सरकारों के समय ऐसे खुशियों वाले कार्यक्रम होने बंद हो गए थे। उन्हें राशन डिपुओं से क्या लेना था। जो वेटरों को दस-दस हजार रुपये टिप देते हों। जिनके खेतों में जाकर नहरें खत्म होती हैं, उन्हें मोगा का क्या पता। जिनके यहां सोने की टूटियों वाले नलों से पानी आता है, उन्हें पानी के मूल्य का क्या पता है। इसी हाल में तीन दिन पहले हमने बेलदारों को पक्का किया, जिन्होंने 25-25 साल काम किया। उन्होंने तो सोचा ही नहीं था कि हम पक्के होंगे।
कांग्रेस में सीएम की कुर्सी का पड़ता है भाव
कांग्रेस पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा, पंजाब के बारे में विजन कौन दे रहा है? आज वेणुगोपाल ने बुलाया है। आज खड़गे ने बुला लिया। आज राहुल गांधी के सामने लड़ पड़े। उसके घर में मीटिंग है। एक कहता है, मैं तुम्हें नहीं जानता। दूसरा कहता है कि मैं तुम्हें नहीं बनने दूंगा। यह क्या कर रहे हैं? इन्होंने लोगों का मजाक उड़ाया हुआ है। साढ़े तीन करोड़ लोग हैं पंजाब में, उनकी भी बात कर लो। केवल अपनी कुर्सियों की बात है। लड़ाई सिर्फ कुर्सियों के लिए है। जो अभी तक मिली नहीं, परमात्मा करे मिले भी नहीं। जिस कुर्सी पर पहले ही लालची आंखें हैं। कहते हैं कि 500 करोड़ देकर मुख्यमंत्री बनता है। कांग्रेसियों ने ही रेट बताया है, मैंने रेट नहीं बताया।
----