माछीवाड़ा साहिब/यूटर्न/16 जुलाई। उत्तर प्रदेश में हुए एक सड़क हादसे में लुधियाना के माछीवाड़ा इलाके के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसा बरेली शहर के पास सुबह करीब साढ़े 7 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग उत्तर प्रदेश से माछीवाड़ा लौट रहे थे। मृतकों की पहचान माछीवाड़ा के गांव इराक निवासी आढ़ती और शेलर मालिक संतोख सिंह बाजवा (65), हादीवाल निवासी हरजीत सिंह (60) और भूपिंदर कौर के रूप में हुई है। हादसे में आढ़ती मुकंद सिंह बेनीपाल और लाडी सिंह जख्मी हुए हैं। दोनों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुकंद सिंह बेनीपाल लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) में खेती करते हैं और उनका कारोबार माछीवाड़ा में भी है। संतोख सिंह बाजवा और हरजीत सिंह उनके रिश्तेदार थे, जो उनसे मिलने के लिए उत्तर प्रदेश गए थे।
स्कॉर्पियो और कैंटर में आमने-सामने हुई टक्कर
वीरवार सुबह मुकंद सिंह बेनीपाल अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में सभी लोगों को लेकर यूपी से माछीवाड़ा लौट रहे थे, तभी बरेली शहर के पास निर्माणाधीन हाईवे पर उनकी गाड़ी की एक कैंटर से आमने-सामने टक्कर हो गई। बरेली के नवाबगंज थाने की पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उनकी मौत की खबर माछीवाड़ा स्थित उनके घरों तक पहुंचते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को माछीवाड़ा लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
---