मानसून सत्र की रणनीति, नई राष्ट्रीय टीम के गठन और चुनावी तैयारियों पर शीर्ष नेतृत्व की करीब तीन घंटे तक चली चर्चा
नई दिल्ली (Naren Danu) :संसद के मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर बुधवार देर रात भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की अहम बैठक हुई। करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक में आगामी संसद सत्र की रणनीति के साथ-साथ पार्टी संगठन में संभावित बदलाव, चुनावी तैयारियों और केंद्र सरकार की कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हालांकि, बैठक को लेकर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि बैठक में 20 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, विपक्ष के संभावित हमलों का जवाब, विधायी एजेंडा और विभिन्न मंत्रालयों की तैयारियों की समीक्षा की गई। सरकार प्रमुख विधेयकों को प्रभावी ढंग से सदन में पेश करने और विपक्ष के मुद्दों का समन्वित जवाब देने की तैयारी में है।
बैठक में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को लेकर भी मंथन हुआ। हाल ही में राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने वाले नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम के गठन, संगठन में जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण और चुनावी राज्यों में पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में संभावित फेरबदल का मुद्दा भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहा। मंत्रियों के विभागों में बदलाव, नए चेहरों को सरकार में शामिल करने और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों को प्रतिनिधित्व देने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बूथ प्रबंधन, चुनाव प्रचार, स्थानीय मुद्दों और सहयोगी दलों के साथ तालमेल को लेकर शीर्ष नेतृत्व ने रणनीति पर चर्चा की।
सूत्रों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में हुई कई बैठकों के बाद प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित यह बैठक पूरे मंथन का अहम चरण रही, जिसमें सरकार और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर आगे की दिशा तय करने पर विचार किया गया। हालांकि, संभावित फैसलों पर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।