स्मार्टफोन कंपनी के कर्मचारी और चैनल पार्टनर्स थे सभी यात्री, 21 लोगों को सुरक्षित बचाया गया
नई दिल्ली। वियतनाम के फू कुओक द्वीप के पास समुद्र में शनिवार को भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक टूरिस्ट बोट पलटने से 15 भारतीयों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक स्मार्टफोन कंपनी की ओर से आयोजित रिवॉर्ड ट्रिप पर गए कर्मचारी और चैनल पार्टनर्स थे। नाव में कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक और चार स्थानीय क्रू सदस्य शामिल थे। दुर्घटना के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
कंपनी ने बयान जारी कर बताया कि मृतकों में 14 चैनल पार्टनर्स और एक कर्मचारी शामिल है। सभी तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल के निवासी थे। कंपनी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और शवों को जल्द भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों में तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली निवासी शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद भी शामिल हैं। परिजनों के अनुसार, नाव पर सवार होने से कुछ देर पहले उन्होंने परिवार से वीडियो कॉल कर बताया था कि वे ऐसे द्वीप की ओर जा रहे हैं जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होगा और लौटकर फिर संपर्क करेंगे। यह परिवार के साथ उनकी आखिरी बातचीत साबित हुई।
दुर्घटना से बचे यात्रियों ने बताया कि समुद्र में तेज लहरों और नाव के असंतुलित होने के कारण कुछ ही सेकेंड में बोट पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव द्वीप से कुछ दूरी ही तय कर पाई थी कि अचानक एक ओर झुक गई और समुद्र में पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। केंद्र सरकार के सहयोग से तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल की सरकारें मृतकों के शव स्वदेश लाने की प्रक्रिया में जुटी हैं। वहीं, वियतनाम प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।