लुधियाना, 24 जनवरी: प्रमुख होजरी इंडस्ट्री पर बढ़ते दबाव को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी लुधियाना शहरी के पूर्व अध्यक्ष और पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन पवन दीवान ने केंद्र सरकार से अमेरिका के साथ शीघ्र व्यापार समझौता करने की मांग की है।
दीवान ने कहा कि लुधियाना लंबे समय से देश का होजरी हब रहा है और यहां बने उत्पाद दुनिया भर में निर्यात होते हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से उद्योग बढ़ती उत्पादन लागत, कच्चे माल, बिजली और लॉजिस्टिक्स खर्च से जूझ रहा है। अब अमेरिका द्वारा भारतीय कपड़ा निर्यात पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
उन्होंने बताया कि ऊंचे टैरिफ के कारण अमेरिका को निर्यात अव्यावहारिक होता जा रहा है, जिससे ऑर्डर घट रहे हैं और कई इकाइयों पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है। उद्योग संगठनों के अनुसार यदि हालात नहीं सुधरे तो हजारों श्रमिक, विशेषकर प्रवासी मजदूर, बेरोजगारी की चपेट में आ सकते हैं।
दीवान ने कहा कि बढ़ी लागत का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ेगा और निटवेयर व होजरी उत्पाद महंगे हो सकते हैं, जिससे उपभोक्ताओं की खरीद क्षमता घटेगी। साथ ही, भारत अमेरिका में कम टैरिफ का लाभ ले रहे अन्य देशों के मुकाबले अपनी प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त खो सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को प्राथमिकता देकर लुधियाना की होजरी इंडस्ट्री को राहत दी जाए।