‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण, कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दिल्ली में ‘मिशन 70 लाख’ पौधारोपण महाभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई और कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
आर.के. पुरम स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम से पहले अमित शाह ने सेंट्रल रिज और नानकपुरा रिज क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के अन्य मंत्री भी उनके साथ मौजूद रहे।
सरकार के अनुसार, ‘मिशन 70 लाख’ अभियान का उद्देश्य राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है। वहीं, 300 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।