काउंटर इंटेलिजेंस की अमृतसर में दोहरी कार्रवाई, वर्ना कार जब्त; डीजीपी बोले- पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
अमृतसर (Narendra Singh Danu) : पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के दो बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 13 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई वर्ना कार भी जब्त की गई।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वर्तमान में खेराबाद (अमृतसर) में रह रहे खेमकरण (तरनतारन) निवासी अकाशदीप सिंह, तथा मोगा जिले के गांव भोडीवाला निवासी मंगल सिंह और बलजीत सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप लेकर उसे पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करते थे।
घर पर छापे में 8 किलो हेरोइन बरामद
डीजीपी ने बताया कि पहली कार्रवाई में काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को सूचना मिली थी कि अकाशदीप सिंह के पास हेरोइन की बड़ी खेप पहुंची है। सूचना के आधार पर पुलिस ने खेराबाद स्थित उसके घर पर छापा मारकर 8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
नाकाबंदी में पकड़ी गई वर्ना कार, 5 किलो हेरोइन मिली
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि दो तस्कर हुंडई वर्ना कार में हेरोइन की खेप की सप्लाई करने जा रहे हैं। इसके बाद अमृतसर-झबाल जीटी रोड पर नाकाबंदी कर कार को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई और कार में सवार मंगल सिंह व बलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वर्ना कार (UP-14-DL-0324) भी जब्त कर ली है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपितों के आगे और पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में दो अलग-अलग मामले दर्ज कर आगे की जांच जारी है।