एलएनजेपी अस्पताल के बाहर विरोध, राजीव रंगीला पर कार्रवाई की मांग; सरकार पर गंभीर आरोप
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को दिल्ली के लोकनायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल के बाहर दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग में कथित 650 करोड़ रुपये के दवा घोटाले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने किया। इस दौरान बुराड़ी से विधायक संजीव झा और विधायक कुलदीप कुमार भी मौजूद रहे।
आप नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं और कथित घोटाले के मुख्य आरोपी राजीव रंगीला पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि “650 करोड़ रुपये के घोटाले का असली जिम्मेदार राजीव रंगीला है, लेकिन एसीबी ने उसे बच निकलने दिया और अब केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर खानापूर्ति की जा रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की जनता जानना चाहती है कि इतने बड़े मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
आम आदमी पार्टी ने स्वास्थ्य विभाग की महानिदेशक (डीजीएचएस) डॉ. वत्सला अग्रवाल की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि नियमों को दरकिनार कर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं।
वहीं, बुराड़ी विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया कि दवा खरीद प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि कागजों पर 400 करोड़ रुपये की खरीद दिखाई गई जबकि वास्तविक खरीद लगभग 100 करोड़ रुपये की ही हुई, और करीब 300 करोड़ रुपये का गबन हुआ।
आप नेताओं ने एलएनजेपी अस्पताल की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मरीजों को दवाओं की कमी और खराब सुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
पार्टी ने मामले की स्वतंत्र जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।