चंडीगढ़/यूटर्न/6 जुलाई। ऑस्ट्रेलियाई फ़ेडरल पुलिस (एएफपी) ने पिछले हफ़्ते एक युवा की पहचान की, जिसने ऑस्ट्रेलिया यात्रा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऑनलाइन धमकी दी थी। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद उस व्यक्ति को औपचारिक चेतावनी जारी की गई है। यह धमकी भरा कमेंट मेलबर्न मीट्स मोदी कम्युनिटी इवेंट को प्रमोट करने वाली एक फ़ेसबुक पोस्ट के नीचे किया गया था। यह इवेंट 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में होने वाला है। पीएम मोदी इस हफ़्ते ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ के साथ द्विपक्षीय बातचीत करने और मेलबर्न में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर रहे हैं। ऑनलाइन धमकी के बाद एएफपी ने जांच शुरू की और अधिकारियों ने पुष्टि की कि उन्होंने पोस्ट करने वाले का पता लगा लिया है और शुक्रवार को उस व्यक्ति से बात भी की है। द ऑस्ट्रेलिया टुडे को दिए एक लिखित बयान में, एएफपी ने कहा कि उसने उस व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की है, लेकिन दोहराया कि वह फ़ेडरल सांसदों, ऊंचे ओहदों पर बैठे लोगों और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के ख़िलाफ़ धमकियों को गंभीरता से लेती है।
समुदाय को कभी खतरा नहीं
एएफपी ने कहा, समुदाय को अभी कोई ख़तरा नहीं है और न ही भविष्य में ऐसा कोई ख़तरा है। मामले की जांच-पड़ताल के बाद, उस युवा को औपचारिक चेतावनी जारी की गई। न्यूज़ आउटलेट ने बताया कि जिस दिन ऑनलाइन धमकी भरा कमेंट आया, उसी दिन यह मामला एएफपी के ध्यान में लाया गया था। इससे पहले, जांच से जुड़े सूत्रों ने कहा था कि अधिकारियों ने अपनी जांच के दौरान पोस्ट के स्रोत का पता लगा लिया था। कमेंट में प्रधानमंत्री की यात्रा के बारे में धमकी भरा ज़िक्र था। हालांकि, एएफपी ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा को कोई ख़तरा नहीं है।
---