चंडीगढ़ 23 Jan । शहर के सेक्टर-40 स्थित पार्क में युवक की बेरहमी से की गई हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में कबूल किया कि उसने तीन महीने पहले हुए हमले का बदला लेने के लिए इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विनोद उत्तर प्रदेश का निवासी है और मनीमाजरा मार्केट में काम करता है। पूछताछ में उसने बताया कि करीब तीन महीने पहले मृतक विवेक उर्फ शैंकी ने उस पर हमला किया था, जिसमें उसका टखना बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया था। लंबे समय तक इलाज और चलने-फिरने में आई दिक्कतों ने उसके मन में बदले की आग भर दी थी।
सोते समय सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट
22 जनवरी की शाम आरोपी ने मौके का फायदा उठाया। सेक्टर-40सी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास बने पार्क में बेंच पर सो रहे विवेक पर उसने भारी टाइल से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में विवेक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां की शिकायत से खुली हत्या की परतें
मृतक की मां वीना कुमारी, निवासी गांव बड़माजरा (मोहाली), की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि उनका बेटा नशे का आदी था और अक्सर पार्क में ही रात गुजारता था। उन्होंने आशंका जताई थी कि किसी जानकार ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है।
सीसीटीवी, फोरेंसिक और तकनीकी जांच से गिरफ्तारी
पुलिस ने घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गवाहों के बयान और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है। हत्या में इस्तेमाल टाइल सहित अन्य सबूतों की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी।