चंडीगढ़ | न्यूज़ डेस्क
सीईटी–2025 के अंतर्गत हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती में तीन वर्ष की आयु छूट देने पर सहमति जताई है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय विशेष रूप से उन युवाओं के हित में लिया गया है, जो वर्ष 2022 के बाद सीईटी परीक्षा आयोजित न होने के कारण आयु सीमा से बाहर हो रहे थे। अब वर्ष 2025 में सीईटी दोबारा होने से योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलेगा।
आयोग को सरकार के फैसले से अवगत करा दिया गया है और नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
हिम्मत सिंह ने कहा कि आयोग भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरा करेगा।
गौरतलब है कि एचएसएससी ने विज्ञापन संख्या 01/2026 जारी कर सीईटी फेज–II के तहत हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती शुरू की है। इस भर्ती में कुल 5500 पद शामिल हैं, जिनमें 4500 पुरुष, 600 महिला और 400 हरियाणा रेलवे पुलिस के पद हैं।