उद्योगों पर बिजली कटौती की मार, धान सीजन में किसानों की बढ़ी चिंता
बिजली संकट से औद्योगिक उत्पादन प्रभावित, किसानों की मुश्किलें भी बढ़ीं
बिजली संकट से औद्योगिक उत्पादन प्रभावित, किसानों की मुश्किलें भी बढ़ीं
लुधियाना: लुधियाना शहरी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन पवन दीवान ने उद्योगों पर लगातार लग रही बिजली कटौती को लेकर पंजाब सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही पर्याप्त बिजली आपूर्ति के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है।
दीवान ने कहा कि उद्योगों को उनकी जरूरत के अनुसार बिजली नहीं मिल रही, जिससे उत्पादन प्रभावित हो रहा है और कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान सीजन के दौरान एपी फीडरों को भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिसके कारण किसान भी सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि पीएसपीसीएल में डायरेक्टर जनरेशन की नियुक्ति कुछ महीने पहले हुई है, जिसका मुख्य काम बिजली खरीद और उत्पादन व्यवस्था को मजबूत करना है, लेकिन मौजूदा संकट पावरकॉम की नाकामी को उजागर करता है। दीवान ने कहा कि इंजीनियरिंग संगठन लंबे समय से नए थर्मल प्लांट की जरूरत बता रहा है, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली कटौती जारी रही तो पंजाब में रोजगार, औद्योगिक उत्पादन और आर्थिक विकास पर गंभीर असर पड़ेगा।