लुधियाना/यूटर्न/24 जून। शिमलापुरी इलाके में कुख्यात नशा तस्कर राणा कुमार द्वारा किए गए अवैध निर्माण को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। डीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक और नशे के कारोबार में लिप्त है, जिसके खिलाफ प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है। डीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि आरोपी राणा कुमार पिछले करीब 14-15 सालों से नशे के अवैध धंधे में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि राणा कुमार के खिलाफ सबसे पहला मामला साल 2012 में दर्ज किया गया था। तब से लेकर अब तक उस पर कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। नशा तस्करी के साथ-साथ उसने शिमलापुरी इलाके में सरकारी/अवैध जगह पर अतिक्रमण करके निर्माण कर रखा था। डीसीपी हरपाल सिंह ने साफ किया कि राणा फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में नहीं है। वह गिरफ्तारी के डर से छिपकर रह रहा है और इस इलाके में नहीं आ रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
----