पंजाब/यूटर्न/24 जून। केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू को धार्मिक सजा सुनाई गई है। आज (बुधवार, 24 जून) वह चंडीगढ़ में एससी कमीशन के सामने पेश हुए थे। इसके बाद आयोग ने उनका पक्ष सुनने के बाद राज्यमंत्री को 4 जगहों पर माथा टेकने को कहा। एससी आयोग ने यह कार्रवाई पुलिस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में की है। बिट्टू 4 स्थानों पर नतमस्तक होंगे। इनमें श्री दरबार साहिब (गोल्डन टेंपल), फिल्लौर स्थित डेरा ब्रह्मदास, भगवान वाल्मीकि जी का डेरा (रामतीर्थ, अमृतसर) और डेरा बल्लां में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उधर, जालंधर में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर बिट्टू ने साफ किया कि अगर पार्टी चाहेगी, तो वह चुनाव मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
मैंने माफी मांगी, वीडियो डिलीट किया
केंद्रीय राज्यमंत्री बिट्टू ने अपने वकीलों के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा- मेरे शब्द 100 फीसदी कानूनी तौर पर गलत थे। इसके लिए मैंने माफी भी मांगी। मैंने अपने अकाउंट से वीडियो भी डिलीट कर दी थी। बिट्टू ने कहा कि उन्हें सबसे पहले संगरूर में एक एसपी रैंक के अधिकारी ने रोका था। उस अधिकारी ने बताया कि ओएसडी ओंकार को बलिया थाने में हिरासत में रखा गया है। इसके बाद वह बलिया थाने पहुंचे, जहां उन्हें फिर बताया गया कि ओंकार को संगरूर ले जाया गया है।
----