शगुन समारोह से एक करोड़ से ज्यादा का बैग चोरी, वेटर बनकर घुसा शातिर, CCTV में कैद
लुधियाना 18 Jan :
पंजाब के लुधियाना में पक्खोवाल रोड स्थित एक मैरिज पैलेस में शादी की खुशियां उस समय सन्नाटे में बदल गईं, जब शगुन समारोह के दौरान सोने के गहनों और नकदी से भरा बैग चोरी हो गया। चोर ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि किसी को भनक तक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि बैग में एक करोड़ रुपये से अधिक के गहने और कैश था।
जानकारी के अनुसार यह बैग लड़की पक्ष का था, जिसमें दुल्हन की ज्वैलरी, दूल्हे के लिए तैयार किए गए गहने, परिवार के अन्य सदस्यों की ज्वैलरी और शगुन की नकदी रखी हुई थी। समारोह के दौरान जब बैग गायब मिला तो वहां हड़कंप मच गया। पहले मेहमानों से पूछताछ की गई, फिर तुरंत मैरिज पैलेस प्रबंधन और थाना सदर पुलिस को सूचना दी गई।
वेटर बनकर आया, मौका देखकर उड़ाया बैग
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी पहले दूर से गहनों वाले बैग पर नजर रखे हुए था। एक महिला ने बैग बुजुर्ग के पीछे रखा और खुद दूसरी ओर चली गई। इसी दौरान आरोपी वेटर की यूनिफॉर्म में वहां पहुंचा, लोगों की व्यस्तता का फायदा उठाया, बैग को कोट से ढका और तेजी से बाहर निकल गया।
बाहर लगे कैमरों में भी वह सड़क पर बैग लेकर भागता हुआ कैद हो गया है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी को ट्रेस करने में जुटी है।
“वेटर की ड्रेस में चोर कैसे घुसा?”
पीड़ित पक्ष के सदस्य पारिक शर्मा ने बताया कि बैग में दुल्हन और दूल्हे के गहनों के अलावा फंक्शन और शगुन की बड़ी रकम थी। उन्होंने सवाल उठाया कि वेटर की यूनिफॉर्म में कोई भी व्यक्ति अंदर कैसे घुस सकता है।
फिलहाल थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। शादी की रौनक में हुई इस बड़ी चोरी ने मैरिज पैलेस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।