पंचकूला 17 Jan । इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बहाने नाबालिग से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पंचकूला पुलिस ने मोहाली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राज (उत्तर प्रदेश निवासी) के रूप में हुई है। वह पंचकूला में किराये के मकान में रह रहा था। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय किशोरी के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जुलाई 2025 में आरोपी राज ने इंस्टाग्राम पर उनकी बेटी से दोस्ती की। धीरे-धीरे उसने नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
घटना का भंडाफोड़ तब हुआ जब किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी। मेडिकल जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद सेक्टर-20 थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही किशोरी और उसके परिवार को सुरक्षा और मानसिक सहायता प्रदान करने की भी व्यवस्था की जा रही है।