कई अन्य हादसों में लोग घायल
बठिंडा 17 Jan। घने कोहरे और तेज़ रफ्तार ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया। गुजरात से शिमला घूमने गए पांच लोगों की वापसी के दौरान पंजाब के बठिंडा में भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना शनिवार को गांव गुड़तड़ी के पास नेशनल हाईवे पर हुई, जहां उनकी फॉर्च्यूनर कार कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अर्जुन, सतीश, जनक, भारत और अमिता बेन के रूप में हुई है। सभी गुजरात के बनासकांठा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच थी। अमिता बेन महिला कॉन्स्टेबल थीं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे शवों को बाहर निकाला।
एसपी नरिंदर सिंह ने बताया कि सभी लोग शिमला से लौट रहे थे। बठिंडा पहुंचते ही घने कोहरे के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार डिवाइडर से टकरा गई और यह बड़ा हादसा हो गया।
उधर, गुरदासपुर में भी कोहरे के कारण स्कूल वैन और ट्रक की टक्कर हो गई, जिसमें वैन में सवार 9 सरकारी शिक्षक घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अमृतसर–पठानकोट हाईवे पर स्कूल वैन और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे में सफर करते समय विशेष सावधानी बरतें, तेज़ रफ्तार से बचें और वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।