साकेत हादसे के 12 दिन बाद भी मलबा नहीं हटा, आम आदमी पार्टी ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
नई दिल्ली: नई दिल्ली में साकेत के सैदुलाजाब इलाके में गिरी इमारत के मलबे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि हादसे के 12 दिन बाद भी मलबा पूरी तरह नहीं हटाया जा सका है, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि 30 मई को 500 गज की इमारत गिरने के बाद भी राहत और बचाव कार्य अब तक जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है, ताकि लोग इस घटना को भूल जाएं।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की एसआईटी जांच कराई जाए, ताकि मृतकों की सही संख्या सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि एक इमारत का मलबा हटाने में 12 दिन लग रहे हैं, तो किसी बड़े हादसे में हालात कैसे संभाले जाएंगे।
इस दौरान एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने भी सरकार से आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे में मरने वालों के आंकड़े छिपाए जा रहे हैं और जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाना चाहिए।
आप नेताओं ने सरकार से राहत कार्य में तेजी लाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि प्रभावित लोगों को न्याय मिल सके।