एसआईआर अभियान में सक्रियता बढ़ाने का आह्वान, हर वोट का सत्यापन जरूरी: बृजलाल बहबलपुरिया
हिसार: हिसार में जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बहबलपुरिया ने कहा कि आने वाले समय में जिले के प्रत्येक गांव में कांग्रेस की गांव-वार यात्राएं निकाली जाएंगी। इसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा जल्द ही जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। तब तक वर्तमान पदाधिकारी ही संगठन की जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।
बैठक में एसआईआर (Special Intensive Revision) अभियान पर भी विशेष चर्चा हुई। बहबलपुरिया ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी पात्र मतदाता सूची में शामिल हों। साथ ही किसी भी फर्जी या गलत प्रविष्टि के खिलाफ समय रहते आपत्ति दर्ज करवाई जाए।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बीएलए (Booth Level Agent) के माध्यम से हर वोट का सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बन सके।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।