कैंपस प्लेसमेंट में जीजेयू के दस विद्यार्थियों ने मारी बाजी, प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ चयन
हिसार (Narendra Singh Danu) : गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गुजविप्रौवि) के विद्यार्थियों ने एक बार फिर प्लेसमेंट के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित ई-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के जरिए विभिन्न विभागों के 10 छात्रों का चयन प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है।
इन छात्रों को कंसल्टिंग, मैन्युफैक्चरिंग, ऑयल एंड गैस, आईटी और ट्रेडिंग जैसे विविध क्षेत्रों में अवसर मिले हैं, जो उनके कौशल और तैयारी को दर्शाता है।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि लगातार मिल रही प्लेसमेंट सफलता विश्वविद्यालय के मजबूत शैक्षणिक माहौल और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड पढ़ाई का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों की गुणवत्ता पर उद्योग जगत का भरोसा और मजबूत होता है।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी छात्रों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह के अनुसार, इस ड्राइव में कई नामी कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें स्टेलारिक्स कंसल्टेंसी सर्विसेज, मोहन ट्रैक्टर्स, इंडियन ऑयल-अडानी गैस, टेक्नोसिस और ट्रेड इंडिया शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में एचआर इंटरव्यू, तकनीकी साक्षात्कार और कौशल मूल्यांकन जैसे चरण शामिल रहे।
सहायक प्लेसमेंट निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि चयनित छात्रों में एमएससी फूड टेक्नोलॉजी, बीटेक मैकेनिकल, बीटेक आईटी और एमबीए के विद्यार्थी शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग कंपनियों में नियुक्ति मिली है।