इंदौर में 21 देशों के प्रतिनिधियों के साथ BRICS कृषि बैठक का शुभारंभ
इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के तहत कृषि कार्य समूह का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन मंगलवार से शुरू हो गया। ग्रेंड शेरेटन होटल में 13 जून तक चलने वाले इस सम्मेलन में 21 देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और नीति विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन के पहले दिन खाद्य सुरक्षा, कृषि नवाचार, जलवायु-अनुकूल खेती और लघु किसानों के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर तीन अहम सत्र आयोजित किए गए। इनमें ब्राजील, इंडोनेशिया, चीन, ईरान, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पहले सत्र के दौरान भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई, जिसमें कृषि व्यापार को बढ़ाने, तकनीकी सहयोग मजबूत करने और सतत कृषि विकास को गति देने पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने खाद्य आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ करने, बाजार पहुंच बढ़ाने और जलवायु-लचीली खेती को बढ़ावा देने पर सहमति जताई।
बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव ने ब्रिक्स देशों के अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए किसान-केंद्रित विकास, नवाचार और जलवायु के प्रति लचीलापन बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सदस्य देशों ने खाद्य सुरक्षा, पोषण, कृषि व्यापार और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए सहयोग मजबूत करने पर भी विचार साझा किए।
सम्मेलन के तहत 9 से 11 जून तक कृषि कार्य समूह की बैठकें होंगी, जबकि 12 और 13 जून को कृषि मंत्रियों की मुख्य बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान खाद्य हानि में कमी, पशुपालन, मत्स्य पालन और किसानों के अधिकारों जैसे मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा।
सम्मेलन में शामिल विदेशी मेहमानों ने इंदौर के ऐतिहासिक स्थलों का भी दौरा किया। मंगलवार को प्रतिनिधि राजवाड़ा पहुंचे, जहां उन्हें शहर के होलकरकालीन इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया गया।