नगर परिषद अध्यक्ष उदयवीर सिंह ढिल्लों ने वर्षों पुरानी मांग की पूरी, 20 सोसायटियों को मिलेगा लाभ
ज़ीरकपुर 16 Jan : नगर परिषद अध्यक्ष सरदार उदयवीर सिंह ढिल्लों ने मिडटाउन से मैपल–आस्था रोड के लंबे समय से लंबित निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी है। यह सड़क इलाके के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब पूरा किया गया है। रोड निर्माण के साथ-साथ बरसाती पानी की निकासी और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या का भी समाधान किया जा रहा है।
समाजसेवी गुरु सेवक पूनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्य की शुरुआत मैपल टी-पॉइंट से लेकर मेन ड्रेन तक बरसाती पानी की निकासी के लिए पाईप डालने से की जाएगी। इससे बारिश के मौसम में होने वाले जलभराव से लोगों को राहत मिलेगी। इसके बाद पूरे रोड पर इंटरलॉक टाइल्स लगाई जाएंगी, जिससे सड़क मजबूत, टिकाऊ और लंबे समय तक चलने वाली बनेगी।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस रोड पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी थीं, जिससे रात के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद अध्यक्ष सरदार उदयवीर सिंह ढिल्लों ने मौके पर ही ई-स्मार्ट (ESmart) विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए और करीब 15 स्ट्रीट लाइटें बदलने के आदेश जारी किए।
इस रोड के निर्माण से आस्था मैपल, चिनार अपार्टमेंट, जीएमएस होम्स, पलक होम्स, शिवम होम्स, चैतन्य होम, हेरिटेज होम, गोकुल धाम, त्रिशला प्लस होम, इकजोटिक सहित लगभग 20 सोसायटियों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा सुबह और शाम सैर करने वाले सैकड़ों लोगों को भी बेहतर और सुरक्षित सुविधा उपलब्ध होगी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क, जलनिकासी और स्ट्रीट लाइटों की समस्याओं के कारण उन्हें लंबे समय से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब कार्य शुरू होने से लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद अध्यक्ष सरदार उदयवीर सिंह ढिल्लों का आभार जताते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।