ईडी ने तीन राज्यों में एक साथ छापेमारी कर मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क को घेरा
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े धनशोधन मामले में मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में चार ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच में अब तक 142 करोड़ रुपये से अधिक की अपराध आय का पता चला है।
ईडी की यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की गई, जो नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के एक मामले पर आधारित है। एनसीबी ने 21 अगस्त 2025 को त्रिपुरा में 49.101 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और 40 ग्राम हेरोइन बरामद की थी।
जांच में एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो म्यांमार से मिजोरम के चम्फाई-जोखावथार मार्ग के जरिए ड्रग्स भारत में लाता था। इसके बाद खेप को त्रिपुरा में मौजूद रिसीवरों तक पहुंचाया जाता था।
ईडी के अनुसार, तस्करी से अर्जित धन को बैंक खातों और शेल कंपनियों के जरिए छिपाने और स्थानांतरित करने की कोशिश की गई। एजेंसी ने अब तक 142 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध लेनदेन की पहचान की है।
छापेमारी के दौरान जिन स्थानों को निशाना बनाया गया, वे अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के बेहद करीब स्थित हैं। त्रिपुरा में एक ठिकाना बांग्लादेश सीमा से करीब 200 मीटर और मिजोरम में एक स्थान म्यांमार सीमा से लगभग 500 मीटर दूर है।
एजेंसी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, धन के प्रवाह और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुटी है।