पत्रकारों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, हिमाचल में 10 लाख का बीमा कवर
शिमला: मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) उत्तर भारत की हिमाचल प्रदेश इकाई द्वारा 9 जून को शिमला में पत्रकार कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान इसकी अध्यक्षता करेंगे। शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान और विधायक हरीश जनारथा सम्मानित अतिथि रहेंगे।
एमडब्ल्यूबी उत्तर भारत के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि संगठन के हिमाचल प्रभारी संजय भूटानी की पहल पर राज्य के पत्रकारों के लिए 10-10 लाख रुपये की निःशुल्क दुर्घटना बीमा पॉलिसी की शुरुआत की जा रही है। कार्यक्रम के संयोजक एमडब्ल्यूबी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष विशाल सूद होंगे।
महासचिव डॉ. सुरेंद्र मेहता ने बताया कि संगठन पिछले पांच वर्षों से पत्रकारों और उनके परिवारों की सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए कार्य कर रहा है। संस्था पत्रकारों को कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस, टर्म इंश्योरेंस, दुर्घटना बीमा, कानूनी सहायता और तकनीकी प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण के लिए एमडब्ल्यूबी उत्तर भारत में एक मजबूत मंच बनकर उभरा है।