16 जनवरी को डीसी कार्यालय मोहाली का होगा घेराव
जीरकपुर 15 Jan :
ठेका मुलाजिम यूनियन पीएसपीसीएल की ओर से संघर्ष को तेज करने का एलान किया गया है। इसी कड़ी में संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की कॉल पर 16 जनवरी 2026 को डीसी कार्यालय मोहाली का घेराव किया जाएगा। यह जानकारी मोहाली सर्कल सचिव एकम सिद्धू ने प्रेस से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि राज्य प्रधान बलिहारी सिंह जीरकपुर पहुंचे, जहां उन्होंने ठेका कर्मचारियों के साथ बैठक कर आगामी संघर्ष कार्यक्रमों की जानकारी दी। एकम सिद्धू ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर नया बिजली संशोधन कानून लागू करने जा रही है, जिससे पूरे पंजाब को भारी नुकसान होगा। इस कानून के जरिए सरकारी संस्थानों का केंद्रीकरण कर उन्हें निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पंजाब की करीब 90 संगठनों ने संयुक्त बैठक कर बिजली विभाग को बचाने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर एक साझा मांग पत्र तैयार किया है। यह मांग पत्र 16 जनवरी को डीसी कार्यालय मोहाली में धरना देने के बाद सौंपा जाएगा।
इस मौके पर बलिहारी सिंह, अमनिंदर सिंह और गुरमीत सिंह ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को सरकार की नीतियों से अवगत कराना और आने वाले संघर्षों की रूपरेखा तय करना था। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी 2026 को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के पुतले फूंके जाएंगे, जबकि 24 जनवरी 2026 को दिर्बा की दाना मंडी में परिवारों और बच्चों के साथ संयुक्त मोर्चे के बैनर तले धरना दिया जाएगा।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन अब सरकारी संस्थानों के निजीकरण की ओर कदम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि जब तक कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जाता और कृषि बीज बिल, लेबर कोड तथा बिजली संशोधन बिल 2025 को रद्द नहीं किया जाता, तब तक जनजागरूकता कार्यक्रम और धरने जारी रहेंगे।
इस अवसर पर जोरावर सिंह, सुखविंदर सिंह, रोहित कुमार, गुरतेज सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।