लुधियाना/यूटर्न/4 जून। इस्लामिया स्कूल के पास एक्टिवा सवार दो युवकों द्वारा कैश पैसे न देने पर एक दुकानदार पर हमला कर दिया। उन्होंने दुकानदार से पहले बहस की। जिसके बाद तेजधार हथियारों के साथ दुकानदार पर हमला कर दिया। यहां तक कि ईंट-पत्थर भी बरसाए। जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। थाना डिवीजन नंबर तीन पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुकान के वर्कर विजय ने बताया कि स्प्लेंडर बाइक पर 2 युवक उसकी दुकान पर आए। आते ही एक युवक ने मालिक बंटी से 500 रुपए गूगल पे करने को कहा और बदले में कैश देने की बात कही। बंटी ने यह कहते हुए साफ मना कर दिया कि उसके पास फिलहाल कैश उपलब्ध नहीं है। इसी बात पर युवक भड़क गए और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक हमलावर ने तैश में आकर दातर निकाल लिया, जबकि दूसरे ने दुकान पर ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। पुलिस फुटेज से हमलावरों की तलाश कर रही है।