पंजाब/यूटर्न/4 जून। हिमाचल प्रदेश की बाउंड्री पर खालसा टैक्स को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार पंजाब सीएम भगवंत मान से मुलाकात की। राज्य के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि सीएम सुक्खू ने पंजाब सरकार से इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, बीते बुधवार को पंजाब में हिमाचल प्रदेश की गाड़ियों से खालसा टैक्स वसूला गया। पंजाब में निहंगों ने हिमाचल सरकार के एंट्री टैक्स के विरोध में ऐसा किया और संदेश दिया कि हिमाचल का एंट्री टैक्स गलत है। इसे खत्म किया जाए। कैबिनेट मंत्री जगत नेगी ने कहा कि ये अकाली दल और भाजपा की सोची समझी साजिश है। जब भी टूरिस्ट सीजन शुरू होता है उसके बाद इस तरह की हरकत की जाती है। पहले कसोल में टूरिस्ट ने गोली चलाई और उसके बाद बॉर्डर पर से यह सब शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि खालसा टैक्स गैर कानूनी है। हिमाचल नंबरों की गाड़ियों को बीते कल कीरतपुर में रोककर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक खालसा टैक्स काटा गया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद दोपहर बाद यह टैक्स लेना बंद किया गया।
---