श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, 6 जून तक आवेदन करें और 8 जून को विशेष ट्रेन से करें सोमनाथ यात्रा
यमुनानगर: उपायुक्त प्रीति ने बताया कि हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी पहल मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को पवित्र श्री सोमनाथ मंदिर, प्रभास पाटन (वेरावल, गुजरात) के दर्शन करवाए जाएंगे। इस अवसर पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत 8 जून को एक विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क होगी तथा श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान रहने, खाने-पीने और अन्य आवश्यक सुविधाएं सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जाएंगी। इच्छुक पात्र श्रद्धालु 6 जून तक सरल हरियाणा पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थियों का चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक तथा परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। साथ ही आवेदक पिछले तीन वर्षों में इस योजना का लाभ न ले चुका हो।
आवेदन के लिए आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), दो पासपोर्ट साइज फोटो, फिटनेस प्रमाण पत्र तथा घोषणा पत्र आवश्यक हैं। उपायुक्त ने पात्र बुजुर्गों से समय रहते आवेदन कर इस धार्मिक यात्रा का लाभ उठाने की अपील की।