5 लाख की घूस से खुला करोड़ों का राज, क्लास-1 अधिकारी गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई
गांधीनगर: गुजरात के गांधीनगर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊर्जा विभाग के विद्युत निरीक्षण कार्यालय में तैनात क्लास-1 अधिकारी अश्विन बी. चौधरी को पांच लाख रुपये की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद हुई छापेमारी में 2.64 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाबी संपत्ति बरामद की गई है।
एसीबी निदेशक भारती पंड्या के अनुसार, अधिकारी सोलर प्रोजेक्ट से जुड़े मामलों में बिना स्थल निरीक्षण किए एनओसी जारी कर देता था और इसके बदले मोटी रकम वसूलता था। सूचना के आधार पर एसीबी ने निगरानी शुरू की और कार्रवाई के दौरान उसकी कार से 5.51 लाख रुपये नकद और गिफ्ट वाउचर बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने गांधीनगर और सूरत स्थित अपने ठिकानों पर नकदी और कीमती सामान होने की जानकारी दी, जिसके बाद एसीबी टीमों ने एक साथ छापेमारी की। सूरत के वेसु स्थित एक फ्लैट समेत कई स्थानों पर तलाशी ली गई।
जांच में विभिन्न ठिकानों से 1.76 करोड़ रुपये नकद, करीब 88.82 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान बरामद हुआ। इसके अलावा गिफ्ट वाउचर और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उसकी आय से अधिक संपत्ति, बैंक खातों और निवेश की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।