भाग सिंह अंटाल/अभिषेक सूद
घनौर/19 दिसंबर। आम आदमी पार्टी के हलका विधायक गुरलाल घनौर ने पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों में मिले अपार जनसमर्थन के लिए क्षेत्र की जनता का दिल से धन्यवाद किया है। विधायक ने कहा कि इन चुनावों में जनता ने जिस प्रकार बढ़-चढ़कर मतदान किया और लोकतंत्र को मजबूत किया, वह सराहनीय है। विधायक ने कहा कि यह जीत जनता की उम्मीदों, विश्वास और विकास की सोच की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ मतदान किया है, उस पर वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। क्षेत्र के विकास, जनहित के कार्यों और बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी व रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। विधायक ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा चुनाव से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया। अंत में विधायक ने कहा कि जनता का यह स्नेह और समर्थन उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए तत्पर रहेंगे।