लुधियाना/यूटर्न/27 मई। शेरपुर चौक के पास रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने सरकारी हेल्पलाइन पर एम्बुलेंस के लिए कॉल की। लेकिन पौना घंटा एम्बुलेंस नहीं पहुंची। जब प्राइवेट एम्बुलेंस आई तो तब तक व्यक्ति की मृत्यू हो चुकी थी। एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रॉन्ग साइड से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में एक साइकिल सवार आ गया। जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नंबर प्लेट के चल रही थी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। एएसआई ने कहा कि मामले में नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
----