कराटे चैंपियनशिप में चमकी बेटियां, दो गोल्ड मेडल अपने नाम
कलायत (रवि जैस्ट) : बाल विकास पब्लिक स्कूल, कलायत की छात्राओं ने ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप 2026-27 में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 22 से 24 मई तक जम्मू-कश्मीर यूनिवर्सिटी में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के करीब 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें स्कूल की छात्रा अनु (पुत्री राजेश, निवासी कोलेखां) ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में और खुशी (पुत्री सतीश, निवासी कोलेखां) ने अपने-अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। जम्मू-कश्मीर के खेल मंत्री सतीश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बेटियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। स्कूल की प्रधानाचार्या प्रमिला, प्रबंध निदेशक कुलदीप चहल और चेयरमैन संदीप चहल ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल क्षेत्र में भी बच्चों को लगातार आगे बढ़ा रहा है, और यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। वहीं कराटे कोच परवीन कुमार ने छात्राओं की पीठ थपथपाते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। इस उपलब्धि पर स्कूल स्टाफ, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने बेटियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।