तय शुल्क से ज्यादा वसूली का आरोप, पार्षद उषा रानी ने ईओ को दी लिखित शिकायत
ज़ीरकपुर 13 Jan : नगर परिषद के वार्ड नंबर-1 में गार्बेज कलेक्शन को लेकर गंभीर अनियमितताओं और मनमानी वसूली का मामला सामने आया है। वार्ड की पार्षद उषा रानी ने इस संबंध में नगर परिषद ज़ीरकपुर के कार्यकारी अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद द्वारा सौंपे गए पत्र के अनुसार, वार्ड नंबर-1 के राम विहार कॉम्प्लेक्स और आसपास के इलाकों में कूड़ा संग्रहण को लेकर पहले से हुए लिखित समझौते का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। बताया गया कि 27 दिसंबर 2025 को वार्ड के सम्मानित सदस्यों, गार्बेज कलेक्टरों और स्थानीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एक लिखित समझौता हुआ था, जिसके तहत जनवरी 2026 से प्रति घर 170 रुपये मासिक शुल्क तय किया गया था।
बॉक्स
समझौते के बावजूद मनमानी वसूली का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि मौजूदा गार्बेज कलेक्टर तय शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं और निवासियों से जबरन 200 रुपये प्रति घर वसूले जा रहे हैं। इस मनमानी वसूली को लेकर क्षेत्र में भारी रोष है और लोग इसका खुलकर विरोध कर रहे हैं।
बॉक्स
जनता का विरोध, भुगतान रोकने का फैसला
पत्र में उल्लेख किया गया है कि वार्डवासियों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि जब तक पुराने समझौते को लागू नहीं किया जाता, तब तक किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा। लोगों का कहना है कि नियमों को दरकिनार कर की जा रही वसूली आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रही है।
बॉक्स
अधिकारियों को सौंपा गया ज्ञापन
पार्षद उषा रानी और स्थानीय निवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है। नगर परिषद की ओर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
कोटस
“कल सुबह नगर परिषद की गाड़ी कूड़ा कलेक्शन के लिए भेज दी जाएगी।”
— मनोज शर्मा, सैनिटरी इंस्पेक्टर, नगर परिषद