अमृतसर/19 दिसंबर। अमृतसर जिले के अजनाला कस्बे में आज सुबह तड़के घनी कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अजनाला के सिविल अस्पताल चौक के पास एक स्कूल वैन और ऑल्टो कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार सवार और उसके बच्चे बाल-बाल बच गए, लेकिन घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार दयालपुर गांव निवासी कार सवार अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान सिविल अस्पताल के पास सामने से आ रही एक निजी स्कूल की वैन ने उसकी कार को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। कार सवार का आरोप है कि स्कूल वैन का ड्राइवर नशे की हालत में था और घनी कोहरे के बावजूद तेज गति से वैन चला रहा था। पीड़ित ने बताया कि जब उसने वैन ड्राइवर को रोकने की कोशिश की तो उससे शराब की तेज बदबू आ रही थी। आरोप है कि हादसे के बाद वैन ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। गनीमत रही कि वैन में सवार स्कूली बच्चों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस ने गाड़ियां कब्जे में लीं, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।