अजीत झा.
चंडीगढ़ 13 Jan । चंडीगढ़ पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मलोया थाना क्षेत्र से एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.35 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई थाना मलोया के प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह के नेतृत्व में की गई।पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान विशाल शर्मा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि 12 जनवरी की शाम करीब 6:45 बजे पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव डड्डूमाजरा स्थित श्मशान घाट के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता नजर आया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।तलाशी के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी नशीला पदार्थ बिना किसी वैध लाइसेंस या परमिट के अपने पास रखे हुए था।पुलिस ने मौके पर ही हेरोइन को जब्ती मेमो के तहत कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह हेरोइन कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने की तैयारी में था। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे नशा तस्करी का कोई बड़ा नेटवर्क भी हो सकता है।चंडीगढ़ पुलिस ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच जारी है।