पंजाब/यूटर्न/13 जनवरी। पंजाब के सीएम भगवंत मान की 15 जनवरी को अमृतसर में अकाल तख्त के सामने पेशी पर घमासान छिड़ गया है। आज सुबह ही अकाल तख्त सचिवालय की तरफ से बयान जारी कर पेशी का टाइम बदल दिया गया। इसमें कहा गया है कि अब वह 15 जनवरी को सुबह 10 बजे की जगह शाम साढ़े 4 बजे आएं। जिस पर अब सीएम मान का रिएक्शन आया है। दरअसल, अकाल तख्त ने सीएम मान के दिए बयानों और एक वायरल वीडियो को लेकर स्पष्टीकरण देने को तलब किया है। सीएम मान ने कहा कि 15 जनवरी को मेरा कोई और काम नहीं है। मैंने माननीय राष्ट्रपति जी के ऑफिस को भी बता दिया है। जत्थेदार जी, आपके कहे अनुसार 15 जनवरी का दिन पूरी तरह से श्री अकाल तख्त साहिब को समर्पित है। बता दें कि सीएम भगवंत मान ने कहा था कि वह नंगे पैर अकाल तख्त पर जाएंगे। उन्होंने जत्थेदार से विनती भी की थी कि जब वह सबूतों समेत गोलक का हिसाब-किताब दें तो इस पूरे मामले का लाइव टेलीकास्ट कराया जाए।
जत्थेदार ने नहीं जारी किया बयान
हालांकि, इसको लेकर अभी जत्थेदार की तरफ से इसको लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। चूंकि सीएम अमृतधारी सिख नहीं हैं, इसलिए उन्हें अकाल तख्त की फसील की जगह सचिवालय में पेश होने के लिए कहा गया है। इस बीच चोरी हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों के मामले में एसआईटी ने अमृतसर और चंडीगढ़ में एसजीपीसी ऑफिस पहुंचकर छापेमारी की। टीम ने एसजीपीसी के रिकॉर्ड खंगाले।
---